भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ रहा जनजातीय समाज : उप मुख्यमंत्री अरुण साव
जनजातीय गौरव, सम्मान और विकास के नए अध्याय लिख रही डबल इंजन सरकार : डिप्टी सीएम अरुण साव
लोरमी – उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक अरुण साव ने लोरमी विकासखंड के भूतकछार गांव में अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों के साथ भगवान बिरसा मुंडा जी के योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर श्री साव ने ग्रामवासियों की मांग पर मुक्तिधाम शेड एवं प्रतीक्षालय निर्माण की घोषणा भी की।

ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए श्री साव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनका संघर्ष एवं राष्ट्रभक्ति आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करती है। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को स्वाभिमान और समाज सेवा की प्रेरणा देती रहेगी।

श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। आदिवासी समाज के उत्थान के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और रोजगार से जुड़ी अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाकर देश उनके योगदान का सम्मान कर रहा है।
जनजातीय नायकों को मिल रहा सम्मान
श्री साव ने कहा कि लंबे समय तक जनजातीय वीरों के योगदान को उचित स्थान नहीं मिला, लेकिन आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उन्हें सम्मान दिलाने का कार्य हो रहा है। देशभर में जनजातीय नायकों के इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संग्रहालयों और स्मारकों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को समाज ने उनके महान कार्यों के कारण भगवान का दर्जा दिया और उनके जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

