डोंगरगांव में सांसद खेल महोत्सव में शामिल हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू
बिलापसुर – केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू जनसहयोग मैदान, डोंगरगांव में आयोजित सांसद खेल महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न खेलों में भाग ले रहे खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेलों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया विज़न को साकार करने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं, जो एक स्वस्थ, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की नींव हैं। उन्होंने युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि यही शक्ति देश के उज्ज्वल भविष्य को आकार देगी।


केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि 25 दिसंबर को माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन देश में खेल संस्कृति को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्री साहू ने कहा कि वर्ष 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन भारत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि और राष्ट्र के गौरव का क्षण होगा, जो वैश्विक मंच पर भारत की खेल क्षमता, आधारभूत संरचना और संगठनात्मक दक्षता को प्रदर्शित करेगा। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और खेलों को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत आयोजित विशेष सात दिवसीय शिविर तथा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित नशा विरोधी शपथ कार्यक्रम में भी सहभागिता की। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों और उपस्थित युवाओं को नशे से दूर रहने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की शपथ दिलाई।

अपने संबोधन में श्री साहू ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें सकारात्मक, स्वस्थ और राष्ट्रनिर्माण की दिशा में प्रेरित करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एनएसएस के स्वयंसेवक समाज में जागरूकता फैलाकर नशा मुक्त, स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, एनएसएस स्वयंसेवक, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
