लोरमी — अचानकमार टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित कोर जोन से लगे क्षेत्र में नियमों की अनदेखी कर मनमानी तौर पर घुसपैठ करने और हथियार लहराने के मामले में वन विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते ही अचानकमार टाइगर रिजर्व प्रबंधन हरकत में आया और पुलिस विभाग के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत वैष्णव (26), अनिकेत (27) और विक्रांत वैष्णव (36) के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 2 एयर राइफल तथा एक टाटा सफारी स्टॉर्म वाहन जब्त किया गया है, जिसका उपयोग प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश के लिए किया गया था। वन विभाग ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

विभागीय स्तर पर भी सख्ती
मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय कार्यवाही के तहत तत्काल प्रभाव से संबंधित बैरियर गार्ड को हटा दिया गया है। वहीं, परिक्षेत्र अधिकारी को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
संरक्षण व्यवस्था पर सवाल
इस घटना के सामने आने के बाद अचानकमार टाइगर रिजर्व की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की गई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अवैध गतिविधियों के प्रति विभाग की नीति ‘जीरो टॉलरेंस’ की है। वन विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि वे संरक्षित वन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल विभाग को दें, ताकि वन्यजीवों और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

एटीआर अंदर कैसे पहुँचे हथियार व वाहन
एटीआर बनने के बाद वन जीव प्राणियों के सुरक्षा के लिए हथियार, वाहन लेकर जाना वन अधिनियम के तहत अपराध माना जाता है अब सवाल ये उठता है कि कैसे हथियार रखे वाहन को अंदर जाने दिया गया इससे साफ जाहिर होता है कि वाहनों की किसी प्रकार जांच नही होती या फिर किसी अधिकारी के कहने पर गाड़ी अंदर जाने दिया गया है, वही आरोपियों के द्वारा सुबह से रात तक एटीआर में घूमते रहे वही इनके द्वारा गन से फायरिंग करते हुए विडियो भी दिखाई दे रहा इतना नही इनके द्वारा बेरियर को खुद खोला जा रहा हैं इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
वही मामले को लेकर एटीआर के डीएफओ गणेश यू आर ने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण में वाहन व दो एयर रायफल को जप्त कर कार्यवाही न्यायालय में पेश किया गया व उन्हें जेल भेजे दिया गया। लापरवाही पर बेरियर गार्ड को हटाया गया व रेन्जर को नोटिस जारी किया गया।
