मनियारी नदी पर 4.68 करोड़ का एनीकट सहित 21 लाख रूपए के अन्य विकास कार्यों की घोषणा की
राज्य सरकार गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने प्रतिबद्ध – डिप्टी सीएम
लोरमी – उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने लोरमी विकासखण्ड के विभिन्न ग्रामों को विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने ग्राम डोंगरिया में मनियारी नदी पर 04 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से बनने वाले एनीकट का विधिवत भूमिपूजन किया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना क्षेत्र में सिंचाई, निस्तारी और जल संरक्षण को मजबूती देने के साथ-साथ ग्रामीण जीवन और कृषि अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी। एनीकट के निर्माण से डोंगरिया, जमुनाही, उरईकछार, लाखासार, हरदीबांध, घानाघाट सहित आसपास के गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। जलस्तर में वृद्धि होगी, लगभग 250 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी और पर्यावरण संतुलन को बढ़ावा मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने इस अवसर पर क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के लिए 21 लाख रुपये के अतिरिक्त कार्यों की भी घोषणा की। इनमें बघर्रा में सामुदायिक भवन सह मंच निर्माण हेतु 06 लाख रुपये, ग्राम जमुनाही में सीसी रोड निर्माण के लिए 07 लाख रुपये, छुईहापारा में रंगमंच निर्माण के लिए 03 लाख रुपये तथा ग्राम डोंगरिया में स्कूल परिसर में सीसी रोड और साइकिल शेड निर्माण के लिए 05 लाख रुपये शामिल हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़कों, पुल-पुलियों और एनीकटों के निर्माण से क्षेत्र में विकास का जाल बिछाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। डिप्टी सीएम श्री साव ने वर्षा जल संरक्षण के लिए ग्रामीणों को जागरूक करते हुए प्रेरित किया। उन्होंने बरसात के पानी को गांव में ही रोकने और जल संरक्षण के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि उप मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा किया गया है। एनीकट के निर्माण से वर्षा जल का संचय होगा, जिससे गर्मी के मौसम में पानी की समस्या दूर होगी और ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एनीकट निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में और पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

इस अवसर जनपद अध्यक्ष श्रीमती वर्षा सिंह, गुरमीत सलुजा, विनय साहू, धनीराम यादव, दिनेश साहू, जनपद उपाध्यक्ष राजेंद्र साहू, लोरमी नपा अध्यक्ष सुजीत वर्मा, महाजन जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य रत्ना काटले, शांति देवचरण भास्कर, समुंद सिन्द्राम, अनिता साहू, मंडल अध्यक्ष सुशील यादव, विश्वास दुबे, दिनेश कश्यप, ज्ञानेंश्वर क्षत्रीय, प्रदीप मिश्रा, घँशु राजपूत, जवाहर दिवाकर, वीरेंद्र गुप्ता, महेंद्र खत्री, विकास केशरवानी, राजेन्द्र साहू, नरेन्द्र खत्री, अभिषेक पाठक, शंकर खत्री, नागेंद्र पटेल, सरपंच चंद्रमणी साहू, सरपंच श्रीमती प्रतिमा श्रीवास, देवेंद्र केशरवानी, श्रेय त्रिपाठी, माधव तिवारी, जनमेजय जायसवाल, मुकेश जायसवाल,पवन गुप्ता जायसवाल, श्रेय त्रिपाठी, देवेंद्र केशरवानी, कलेक्टर कुंदन कुमार, एसपी भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, एसडीएम अजीत पुजारी, तहसीलदार शेखर पटेल, नायब तहसीलदार चन्द्रप्रकाश सोनी, कार्यपालन अभियंता मनियारी जल संसाधन संभाग एचडी सिंह, एसडीओ शंकर गेंदले, ग्राम के सरपंच, सचिव सहित बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
