लोरमी – लोरमी नगरपालिका के विभिन्न वार्डो में बंद पड़े अनुपयोगी खुले बोरवेल्स की कैपिंग बंद करने का कार्य नगरपालिका कमर्चारियों के द्वारा किया जा रहा है।

गौरतलब है कि जिला कलेक्टर मुंगेली के निर्देशानुसार नगरपालिका परिषद लोरमी द्वारा क्षेत्र में स्थित अनुपयोगी एवं खुले बोरवेल्स की पहचान कर उनकी कैपिंग (बंद करने) की कार्यवाही प्राथमिकता से करने के दिशा निर्देश दिए जिसे लेकर लोरमी नगरपालिका के सीएमओ चंदन कुमार शर्मा के द्वारा नगरपालिका के कर्मचारियों को बंद व खुले पड़े बोरवेल्स को में कैपिंग ढक्कन लगाने का कार्य कराया जा रहा है।

ज्ञातव्य है कि खुले बोरवेल्स के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, विशेषकर छोटे बच्चों एवं आम नागरिकों के लिए यह गंभीर खतरा बन सकता हैं । उक्त संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु नगर पालिका के द्वारा वार्डो में सर्वे कर ऐसे सभी बोरवेल्स को चिन्हित किया जा रहा है तथा उन्हें सुरक्षित तरीके से बंद (कैपिंग) किया जा रहा है।

नगर पालिका प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की जाती है कि यदि उनके संज्ञान में कोई भी खुला अथवा अनुपयोगी बोरवेल हो, तो इसकी सूचना तत्काल नगर पालिका कार्यालय को प्रदान करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्यवाही की जा सके। नगर पालिका परिषद लोरमी क्षेत्र में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस अभियान को निरंतर जारी रखा जाएगा ।
